
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को सायं मुख्यमंत्री आवास कार्यालय सभागार में प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भेंट की तथा मुख्यमंत्री को चम्पावत उपचुनाव में मिली ऐतिहासिक विजय पर शुभकामनायें दी। मुख्यमंत्री को उद्योग व्यापार संगठनों के सदस्यों ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए अनुरोध किया कि प्रदेश में बाहर से लाये गये कृषि उत्पाद पर मण्डी शुल्क की दरों में कम किये जाने, आपदा की स्थिति में व्यापारियों को सहायता उपलब्ध कराये जाने हेतु व्यापारी कोष के गठन, व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की धनराशि को 05 लाख से 10 लाख किये जाने तथा व्यापार मित्र की बैठक नियमित रूप से आयोजित किये जाने सहित अपनी विभिन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिये हमारी सरकार प्रयासरत है। राज्य में सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाते हुए विकल्प रहित संकल्प के साथ समस्याओं के समाधान का हमारा प्रयास है। प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार से मुक्ति मिले इसके लिये भी हम प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने व्यापारियों से अपेक्षा की कि वे किसी भी प्रकार की शिकायत हेल्पलाइन एप्प 1064 पर कर सकते हैं। उसमें उनका नाम गोपनीय रखा जायेगा।