दिल्ली पब्लिक स्कूल ने मनाया मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह

देहरादून। दिल्ली पब्लिक स्कूल देहरादून में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह बड़े उत्साह और सक्रिय भागीदारी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य छात्रों, अभिभावकों तथा समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता और जागरूकता बढ़ाना था।

इस अभियान के अंतर्गत विद्यालय के छात्रों ने सेंट्रियो मॉल देहरादून में एक प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से छात्रों ने तनाव, अवसाद, चिंता एवं भावनात्मक संतुलन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जनजागरण किया। नाटक के संवादों और प्रभावशाली प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर सोचने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। उन्होंने छात्रों के इस सामाजिक पहल का समर्थन किया और मानसिक स्वास्थ्य के विषय में सकारात्मक संदेश समाज तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बी. के. सिंह ने छात्रों की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि हमारे विद्यार्थी इस दिशा में समाज को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं तो यह हमारे लिए गर्व की बात है। विद्यालय सदैव ऐसे सार्थक प्रयासों को प्रोत्साहित करता रहेगा।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने मिलकर यह संदेश दिया कि मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल उतनी ही आवश्यक है, जितनी शारीरिक स्वास्थ्य की। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ मन ही सफल जीवन की नींव है के उद्घोष के साथ हुआ।

Leave a Reply