हरिद्वार। कुंभ क्षेत्र को गैर हिंदुओं के लिए वर्जित किए जाने की बात पर हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इसे जल्दबाजी का फैसला बताया है। हरिद्वार में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आए त्रिवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि कुंभ क्षेत्र कहां तक है पहले इस बात को फैसला होना चाहिए। कुंभ क्षेत्र की बात पर अभी कुछ भी कहा जाना जल्दबाजी होगा।
कुंभ क्षेत्र रुड़की, मंगलौर, बहादराबाद, श्यामपुर तक फैला है, फिर ऐसे में गैर हिंदुओं के लिए क्या व्यवस्थाएं होंगी क्या उनको विस्थापित किया जाएगा या नहीं। फिलहाल अभी चिंतन मंथन और अध्ययन करने की जरूरत है। वहीं संतों ने तीर्थ पुरोहितों की मांग का स्वागत करते हुए कहा कि प्राचीन काल से ही इस तरह की व्यवस्था है और अगर इस पर सरकार कोई फैसला लेती है तो वह स्वागत योग्य होगा।
महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश का कहना है कि कुंभ क्षेत्र में गैर हिंदुओं का प्रवेश बंद होना चाहिए उन्होंने कहा कि संतों की तरफ से प्रयागराज में भी और हरिद्वार में भी यह मांग की जाती रही है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश काल से यह कानून भी चला आ रहा है की हरिद्वार के नगर पालिका क्षेत्र में गैर हिंदुओं का निवास करना और स्थाई कार्य करना निषिद्ध है।
