प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक दलों की सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। राज्य की प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी उत्तराखंड क्रांति दल ने पिथौरागढ़ में अपने नए कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही चुनावी बिगुल फूंक दिया है।
दल के शीर्ष नेता व पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी ने कार्यक्रम में काफी संख्या में लोगों को उक्रांद की सदस्यता ग्रहण कराई। उन्होंने अपने संबोधन में पलायन, बेरोजगारी और सीमांत क्षेत्रों की उपेक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हितों के लिए उक्रांद का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
वहीं दूसरी ओर, पिथौरागढ़ भाजपा के जिला उपाध्यक्ष गोलू पाठक का कहना है कि पार्टी की ओर से चुनावी तैयारियां शुरू की जा रही हैं। सरकार के कामकाज को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी और निश्चित तौर पर तीसरी बार सरकार बनाएगी।
