शिवगंगा। तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में तिरुपत्तूर के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो सरकारी बसों की आमने-सामने की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में करीब 40 लोगों के घायल होने की भी खबर है, जिनका मदुरै, कराईकुडी और तिरुपत्तूर के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि तिरुपत्तूर से कराईकुडी जा रही एक सरकारी बस और कराईकुडी से डिंडीगुल जा रही एक अन्य बस की आमने-सामने की टक्कर से यह भीषण हादसा हुआ।
इस दुर्घटना में दोनों बसों के आगे के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई यात्री बस में फंस गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को एम्बुलेंस से तिरुपत्तूर सरकारी अस्पताल और आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया। इस दुर्घटना में मौके पर ही दोनों बसों के चालक समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने तिरुपत्तूर के सरकारी अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।
