20 जून को किसानों को मिलेगी पीएम-किसान की 23वीं किस्त, 9.44 करोड़ लाभार्थियों के खातों में आएंगे 18,800 करोड़ रुपये

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर को देशभर में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। योजना के तहत 9 करोड़ 44 लाख से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी। 

केंद्रीय कृषि मंत्री ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा जारी की जाने वाली यह राशि किसानों को खेती-किसानी संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।  केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार ने पीएम-आशा योजना के तहत उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और गुजरात में मूंग, मसूर तथा उड़द की फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से संबंधित राज्यों के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित हो सकेगा।  उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय पर अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि पीएम-किसान योजना की राशि प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave a Reply