नई दिल्ली। कुआलालंपुर से कोच्चि जा रही एक फ़्लाइट में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चलती फ्लाइट में एक यात्री ने एक ऐसी हरकत की। जिससे बाकी यात्री और केबिन क्रू स्टाफ की सुरक्षा खतरे में आ गई और अफरा तफरी जैसा माहौल हो गया। दरसअल, बाटिक एयर की एक फ्लाइट रात के समय जब कुआलालंपुर से कोच्चि जा रही थी और सभी यात्री सो रहे थे।
तभी एक यात्री ने चलती फ्लाइट में अचानक अजीबो गरीब और आक्रामक व्यवहार करना शुरू कर दिया और फिर उसने इमरजेंसी एग्ज़िट विंडो पैनल को नुकसान पहुँचाया और इमरजेंसी एग्ज़िट दरवाज़ा खोलने की कोशिश की। इस घटना से फ्लाइट में सवार बाकी यात्री और केबिन क्रू स्टाफ घबरा गए। स्टाफ ने तुंरत हरकत में आकर उसे रोक लिया। आखिरकार, कोच्चि में फ़्लाइट के सुरक्षित लैंड करने से पहले उसे काबू में कर लिया गया। फ़्लाइट के लैंड करने के बाद आरोपी को नेडुम्बसेरी पुलिस को सौंप दिया गया, पुलिस ने आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है।
वहीं पुलिस ने बताया कि रात करीब 9.30 बजे से 11.05 बजे के बीच जब फ़्लाइट कोच्चि जा रही थी तब सीट नंबर 12A पर बैठे जमशीर ने अचानक आक्रामक व्यवहार करना शुरू कर दिया। उसने उन्हें धक्का दिया और धमकी दी और फिर इमरजेंसी एग्ज़िट दरवाज़ा खोलने की कोशिश की, जिससे फ़्लाइट और उसमें सवार सभी लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।
