रायपुर। छत्तीसगढ़ के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की बैठक ली। बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत राज्य के बीस चयनित विद्यालयों में दो सौ निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा छठवीं में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की स्वीकृति प्रदान की गई।
वहीं, निर्माण श्रमिकों के बच्चों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, प्रबंधन तथा अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययन के लिए प्रदान की जाने वाली शैक्षणिक सहायता राशि का एकरूपीकरण करने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में अटल करियर निर्माण योजना के तहत एक हजार निर्माण श्रमिकों के बच्चों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने का अनुमोदन किया गया।
