इलाज के लिए रांची गया था परिवार, चोरों ने उड़ाए 22 लाख रुपए के जेवर

धनबाद।  धनबाद थाना क्षेत्र के धैया लाहबनी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब 22 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण की चोरी की। अस्पताल कर्मी तरुण सिंह अपने पिता के इलाज के लिए पूरे परिवार के साथ चार दिनों से रांची गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार को परिवार जब वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और दो अन्य दरवाजों के ताले भी टूटे हुए थे। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने और चांदी के आभूषण गायब मिले। 

गृहस्वामी तरुण सिंह ने बताया कि चोरी हुए गहनों की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि करीब दो साल पहले ही नया घर बनवाया था। पिता के इलाज के लिए पूरा परिवार चार दिनों से रांची में था और इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। घटना की सूचना पाकर मौके पर धनबाद थाना पुलिस पहुंची और फिलहाल जांच जारी है।  

Leave a Reply