हल्द्वानी। व्यापारियों को राहत देने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा आश्वासन दिया है। हल्द्वानी में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के वार्षिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी शुल्क के मुद्दे पर दोबारा विचार किया जाएगा। साथ ही जीएसटी विभाग की ओर से व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने देने और आपदा प्रभावित व्यापारियों को सहायता देने की बात भी कही। सम्मेलन में व्यापारियों ने जीएसटी विभाग से जुड़ी शिकायतों, मंडी शुल्क और आपदा के दौरान होने वाले नुकसान का मुद्दा उठाया।
प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने मुख्यमंत्री के सामने व्यापारियों की समस्याएं रखते हुए उनके समाधान की मांग की। वहीं, मुख्यमंत्री ने व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नए पार्किंग स्थल विकसित करने की बात कही। साथ ही कैंची बाईपास पर जाम की समस्या दूर करने और कैंची धाम में बढ़ती पर्यटकों की संख्या को व्यवस्थित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
