देहरादून। एक्शनएड एवं इंटर एजेंसी ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में उत्तराखंड में आपदा राहत के लिए “प्रथम बचाव कर्मियों” के साथ आयोजित ह्यूमैनिटेरियन एक्शन स्कूल के दूसरे दिन उत्तराखंड के अलग-अलग गांवों से आए आपदा प्रभावितों ने अपनी आपबीती सुनाई। साथ ही विशेषज्ञों ने आपदा राहत के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मानकों और तौर-तरीकों की जानकारी दी।
एक्शनएड संस्था के एसोसिएट डायरेक्टर खालिद चौधरी ने बताया कि आपदा राहत के राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मानक भी मानवीय संवेदनाओं के लिए बनाए गए हैं। उन्हें हम सभी को फॉलो करना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि ये मानक आपदा के दौरान मानवीय पीड़ा को कम करने, जीवन बचाने और प्रभावितों की गरिमा सुनिश्चित करने के लिए तय किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने बाकायदा आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 लागू किया है। यह भारत में आपदाओं के प्रभावी प्रबंधन के लिए मुख्य कानूनी और संस्थागत ढांचा प्रदान करता है। जबकि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में देश में आपदा से निपटने के लिए शीर्ष निकाय है। इसी निकाय के तहत सिल्क्यारा, धराली और थराली आपदा में लोगों की त्वरित राहत के लिए कार्य किया गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन योजना 2016 में जारी हुई, जिसे 2019 में संशोधित किया गया। यह सेंडाइ फ्रेमवर्क और सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के अनुरूप जोखिम को समझने, समन्वय और क्षमता निर्माण पर काम करती है। और कई नियम-कानून हैं जैसे राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, घटना प्रतिक्रिया प्रणाली, मानवीय राहत कार्यों के लिए सबसे प्रसिद्ध और न्यूनतम गुणवत्ता मानक ‘द स्फीयर प्रोजेक्ट’ भी है। जिसके तहत पानी, स्वच्छता, पोषण, आश्रय (Shelter) और स्वास्थ्य सेवाओं की न्यूनतम मात्रा और गुणवत्ता तय होती है।
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के मुख्य प्रशिक्षक डॉ. अनिल वर्मा ने आगजनी जैसी खतरनाक आपदा पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि आगजनी के वक्त अधिकांश लोग फायर ब्रिगेड का इंतजार करते हैं। यह सबसे खतरनाक समय रहता है। इससे अच्छा यही होगा कि अपने आस-पास जो सुविधाएं हैं उनका इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि जब हम लोग आपदा के दौरान इमरजेंसी नम्बर पर फोन करते हैं तो उस वक्त हमें सूचना पहुंचाने के लिए सूचना के कोड की जानकारी होनी चाहिए। यही “प्रथम बचावकर्मी” का पहला कार्य होता है। उन्होंने सभी के साथ उन सूचना कोड को साझा किया जिनके माध्यम से तुरंत राहत के कार्य आरम्भ किए जाते हैं।
फायर अधिकारी धीरज सिंह तड़ियाल ने आगजनी को रोकने और ऐसे वक्त लोगों को बचाने के गुर बताए। उन्होंने अग्निकांड को काबू करने के लिए प्रयुक्त यंत्रों के प्रयोगात्मक रूप से भी बताया। श्री तड़ियाल ने राज्यभर से आए सभी प्रशिक्षणार्थियों के साथ अग्निकांड को काबू करने के संबंध में एक मॉकड्रिल भी किया। अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं में कौन-कौन सी सामग्री अथवा तकनीकी संसाधन कब-कब इस्तेमाल करने हैं, उनकी बारीकी से जानकारी दी गई।
NDRF की 15वीं बटालियन के सेना नायक संतोष कुमार और इंस्पेक्टर योगेंद्र कुमार ने मॉकड्रिल करके सामुदायिक जागरूकता के गुर बताए। गंभीर बीमारी, पशुओं के आतंक से ग्रसित लोगों या अन्य खतरनाक मानवीय संकटों या अन्य आपदाओं से कैसे बचा जा सकता है, इसके तौर-तरीके बताए। इस दौरान खास बात यह रही कि प्रशिक्षणार्थी इनके साथ हो गए और बताई जा रही प्रयोगात्मक क्रियाओं को सीखने का प्रयास किया।
उत्तरकाशी के हर्षिल बगोरी गांव की ग्राम प्रधान रंजीता डोगरा ने धराली की आपदा को सामने से देखा है। उन्होंने बताया कि यह मंजर उनके सामने से गुजर रहा था, जिसे वे कभी भी नहीं भूल सकती हैं। कहा कि सबसे पहले धराली गांव के सामने भागीरथी नदी के पार बसे मुखवा गांव से सीटियां बजनी आरम्भ हुईं, मगर देखते ही देखते धराली गांव मलबे में तब्दील हो गया। वह इस घटना को कभी भी नहीं भूल सकतीं। उन्हें सबसे पहले लोगों को बचाने की बात सूझी। जैसे ही मलबे और पानी की स्पीड स्थिर हुई, वे सभी ग्रामीण धराली की तरफ दौड़ पड़े। जिनके पास धराली के लोगों के मोबाइल नम्बर थे, उन नंबरों से फोन संपर्क करने लग गए। बहुत कुछ गंवाया इस आपदा में, अपनों को खोया और बहुत कुछ।
सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के अति दुर्गम गांव सिपू और मार्छा गांव से आई ग्राम प्रधान सरोजनी सिपाल व विनीता मार्छाल ने कहा कि वे इंडो-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों की रहने वाली हैं। उन्होंने 2013 और 2021 की आपदा अपनी आंखों से देखी है। जब उनके क्षेत्र में इन्हीं वर्षों में आपदा आई तो वहां के लोगों के पास कुछ भी नहीं बचा था। यह घटना उनके जीवन में हमेशा कुरेदती रहती है।
अनमोल बिष्ट ने भी आपदा की जिजीविषा की कहानी सुनाई। कहा कि उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र में आगजनी की बहुत अधिक घटनाएं होती हैं, जो किसी प्राकृतिक आपदा से कम नहीं हैं। कहा कि उत्तरकाशी में आपदा कब आ जाए, कुछ मालूम नहीं है। कभी भी वहां आपदा आ जाती है। उत्तरकाशी में भूकंप के छोटे-छोटे झटके आते ही रहते हैं।
गांव-गांव से पहुंचे ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, महिला समूह से जुड़ी कार्यकर्ती, ग्राम स्तरीय फ्रंटलाइन वर्कर और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में आपदाएं आती रहती हैं। इसलिए आपदा के वक्त “प्रथम बचावकर्मी” के साथ इस तरह की पूर्व तैयारी के लिए प्रशिक्षण होना जरूरी था। उन्होंने यह भी कहा कि आपदाएं कभी भी आ सकती हैं। आपदाओं से पूर्व राहत हेतु गांव स्तर पर मॉकड्रिल भी होना चाहिए, ताकि आपदा राहत में कार्यकर्ता मुस्तैद रह सकें।
कार्यशाला में अन्य लोगों ने कहा कि आपदा के वक्त स्थानीय संसाधनों का सबसे पहले उपयोग वही कर पाएगा, जो प्रशिक्षित होगा। क्योंकि आपदा की घटनाओं के वक्त स्थानीय संसाधन ही सबसे पहले काम आते हैं। अर्थात प्राइमरी रिस्पॉन्डर को आपदा राहत के दौरान ये सभी कार्य करने होते हैं।
कार्यशाला में पिथौरागढ़ के नरेत गांव की प्रधान श्रीमती ललिता देवी, सिपू गांव की प्रधान श्रीमती सरोजनी सिपाल, मार्छा गांव की प्रधान श्रीमती विनीता मार्छाल, उत्तरकाशी बगोरी हर्षिल की प्रधान रंजीता डोगरा, धराली के पूर्व प्रधान जयभगवान सिंह पंवार एवं महिला मुद्दों पर कार्य करने वाली सक्रिय कार्यकर्ता हीराजंगपांगी, इंटर एजेंसी ग्रुप की संयोजक कुसुम घिल्डियाल, जनमित्र संगठन के बच्ची सिंह बिष्ट, उत्तरकाशी से CWC की सदस्य एवं जनजाति महिला कल्याण एवं बालोत्थान समिति की सचिव कल्पना ठाकुर, हिमालयन मानव संस्थान से भगत सिंह राणा, कुशला नेगी, राजेंद्र चौहान, महिला उत्थान एवं ग्राम विकास संस्थान के करण सिंह पंवार, नैनीताल से यतीश पंत, गुरविंदर गिल, कमला बिष्ट, उत्तरकाशी आपदा प्रबंधन जनमंच के प्रज्ज्वल उनियाल आदि अलग-अलग जनपदों से आए विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े ग्राम स्तरीय कार्यकर्ताओं ने इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में भाग लिया।
