नन्हीं परी को न्याय दिलाने के लिए 29 नवंबर को पिथौरागढ़ में महापंचायत


पिथौरागढ़। नन्हीं परी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर एक बार फिर आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू हो गई है। इस सिलसिले में 29 नवंबर को पिथौरागढ़ में जन संगठनों, राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों की महापंचायत आयोजित की जाएगी। महापंचायत में आंदोलन को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने के लिए रणनीति तैयार करने के साथ ही चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
नन्हीं परी के ताऊ ताराचंद ने बताया कि 20 नवंबर को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पिथौरागढ़ के साथ हल्द्वानी और देहरादून के लोगों ने भी सहयोग दिया। इससे पीड़ित परिवार को न्याय की आवाज बुलंद करने का संबल मिला है।

उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को नन्हीं परी के पिता महेश चंद के पंडा स्थित आवास पर महापंचायत बुलाई गई है। इसमें जिले के सभी जन संगठनों, राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। महापंचायत में सामूहिक विचार-विमर्श के बाद आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की घोषणा की जाएगी। ताराचंद ने कहा कि बीते वर्ष आंदोलन के बाद राज्य सरकार की ओर से उच्चतम न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दाखिल की गई थी, लेकिन अब तक उस पर सुनवाई के लिए तारीख निर्धारित नहीं हो पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हुई है। परिवार लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब पीड़ित परिवार ने जनता की अदालत में जाने का निर्णय लिया है। उन्हें उम्मीद है कि उत्तराखंड की जनता इस संघर्ष में साथ देगी और नन्हीं परी को न्याय दिलाने के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएगी। उन्होंने सीमांत जिले के सभी जन संगठनों, राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से 29 नवंबर की महापंचायत में शामिल होने की अपील की, ताकि सामूहिक प्रयासों से न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाया जा सके।

Leave a Reply