मध्यप्रदेश पुलिस में सामुदायिक मध्यस्थता को मिलेगा नया आयाम

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाले विवादों का संवाद एवं आपसी सहमति से समाधान तलाशने के उद्देश्य से 40 घंटे का सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम आज भोपाल में प्रारंभ हुआ। पांच दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।  मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MP-CST), विज्ञान भवन, नेहरू नगर, भोपाल में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का स्वरूप ऑफलाइन रखा गया है।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के सचिव हिमांशु कौशल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।  मनोज कुमार श्रीवास्तव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, भोपाल ने कहा कि मध्यस्थता केवल दो पक्षों के बीच समझौता कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि विवाद के मूल कारणों को समझकर स्थायी समाधान तलाशना इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है। विशेष रूप से पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों की भावनाओं और परिस्थितियों को समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों, पति-पत्नी, माता-पिता और अन्य पारिवारिक सदस्यों से जुड़े विवादों में संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुनकर समाधान का प्रयास करना चाहिए।  प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को मध्यस्थता के मूलभूत सिद्धांतों, सीखने एवं प्रशिक्षण की प्रक्रिया, संघर्ष प्रबंधन एवं समाधान, वैकल्पिक विवाद समाधान (ADR), मध्यस्थता एवं न्यायिक प्रक्रिया के बीच अंतर, मध्यस्थ की भूमिका तथा मध्यस्थता की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक सत्र एवं रोल-प्ले के माध्यम से प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों में विवादों के समाधान का अभ्यास भी कराया जाएगा। 

सुमन श्रीवास्तव, सदस्य सचिव, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि भारत में पहली बार यह नवाचार विधिक सहायता को सामुदायिक पुलिसिंग कार्यप्रणाली के साथ जोड़ता है। परिवारों में पति-पत्नी एवं अन्य सदस्यों के बीच उत्पन्न होने वाले विवादों को समय रहते संवाद और मध्यस्थता से सुलझाया जा सकता है। मध्यस्थ का कार्य किसी एक पक्ष का समर्थन करना अथवा निर्णय सुनाना नहीं, बल्कि दोनों पक्षों की बात को धैर्यपूर्वक सुनना, उनकी परिस्थितियों को समझना और उनकी सहमति से समाधान तक पहुंचने में सहायता करना है। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता से समय, धन और पारिवारिक रिश्तों की रक्षा होती है तथा कई विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले ही सुलझाया जा सकता है। उन्होंने भारतीय परंपराओं एवं पौराणिक प्रसंगों के उदाहरणों के माध्यम से भी मध्यस्थता के महत्व को रेखांकित किया। सुश्री सुमन ने कहा कि मध्यस्थता का यह प्रयास सफल हुआ तो राष्‍ट्रीय विधिक सहायता प्रणाली के माध्‍यम से अन्‍य प्रदेशों में भी इस प्रणाली का उपयोग किया जायेगा।    

डीआईजी कम्युनिटी पुलिसिंग डॉ. विनीत कपूर ने अपने संबोधन में सामुदायिक पुलिसिंग और मध्यस्थता के आपसी संबंधों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का मूल सिद्धांत पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता स्थापित करना है। पुलिस और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं। किसी भी क्षेत्र की सुरक्षा और सामाजिक समस्याओं के समाधान में समुदाय की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसुरक्षा, सामाजिक विवादों के समाधान, भीड़ प्रबंधन, कानून के प्रति जागरूकता, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम तथा पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य करती है।  डॉ. कपूर ने बताया कि पुलिस की सामुदायिक गतिविधियों में ग्राम एवं नगर रक्षा समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इन समितियों में सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं एवं स्वयंसेवी संगठनों को जोड़ने से सामुदायिक सुरक्षा के प्रयासों को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्तर पर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के सामाजिक एवं कानूनी विवादों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मध्यस्थता का व्यावसायिक प्रशिक्षण उन्हें विवादों की प्रकृति समझने, पक्षकारों के बीच संवाद स्थापित करने और कानून के दायरे में रहते हुए समाधान तलाशने में सक्षम बनाएगा। उन्होंने इस प्रशिक्षण के लिए प्रतिभागियों के चयन एवं आयोजन की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों में इस प्रशिक्षण को लेकर विशेष रुचि है, क्योंकि वे अपने कार्यक्षेत्र में प्रतिदिन ऐसे मामलों से रूबरू होते हैं, जिनमें मध्यस्थता उपयोगी साबित हो सकती है। 

विवेक कटारे, कार्यकारी निदेशक, मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद ने कहा कि विज्ञान के बिना नवाचार की कल्पना नहीं की जा सकती। न्याय व्यवस्था में आमजन का विश्वास बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। देश की विविधताओं और समाज में मौजूद विभिन्न प्रकार की समस्याओं को देखते हुए क्षेत्र में प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए ज्ञान एवं प्रशिक्षण आवश्यक है।  सुश्री संगीता श्रीवास्तव, एसोसिएट ट्रेनर, नई दिल्ली ने कहा कि परिवारों में उत्पन्न होने वाले विवादों को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है। न्यायिक निर्णय में सामान्यतः एक पक्ष जीतता है और दूसरा पक्ष हारता है, जबकि मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया जाता है। मध्यस्थता एक विज्ञान के साथ-साथ कला भी है। इसके माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाने और रिश्तों को बनाए रखने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जा सकते हैं। 

अनुजा सक्सेना, सीनियर ट्रेनर, नई दिल्ली ने मध्यस्थता की अवधारणा एवं व्यावहारिक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विवादों के समाधान में संवाद स्थापित करना और समस्या के मूल कारण तक पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने पड़ोसियों के बीच पार्किंग, पालतू पशुओं एवं अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर होने वाले विवादों के उदाहरण देते हुए बताया कि ऐसे मामलों में मध्यस्थता के माध्यम से समाधान तलाशा जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्यस्थता की प्रक्रिया कानून के दायरे में रहकर ही की जानी चाहिए।  इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं समुदाय से जुड़े प्रतिभागियों को ऐसे व्यावहारिक कौशल से दक्ष बनाना है, जिससे वे स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाले विवादों में प्रभावी संवाद स्थापित कर सकें तथा कानून के दायरे में रहते हुए पक्षकारों को आपसी सहमति से समाधान की दिशा में आगे बढ़ने में सहयोग कर सकें। इससे सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास, सहयोग और सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। 

कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी मोहम्मद जिलानी ने किया। अंत में अमृत मीणा, एआईजी कम्युनिटी पुलिसिंग, भोपाल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।  कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अतिरिक्त सचिव अरविंद श्रीवास्तव, उप सचिव अनिरुद्ध जैन, भोपाल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अग्निंद्र कुमार द्विवेदी सहित अन्य वरिष्ठ न्यायिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply