नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने देश की टोलिंग व्यवस्था में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए गुजरात के एनएच-48 स्थित चोर्यासी शुल्क प्लाजा पर भारत की पहली मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग प्रणाली लागू करने के लिए आईसीआईसीआई बैंक के साथ समझौता किया है।
मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग एक बाधा रहित टोलिंग प्रणाली है जो उच्च प्रदर्शन वाले आरएफआईडी रीडर्स और एएनपीआर कैमरों द्वारा फास्टैग और वाहन पंजीकरण संख्या (वीआरएन) को पढ़कर लेनदेन को सक्षम बनाती है। इस प्रणाली से अब वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकना नहीं पड़ेगा और फास्टैग के जरिए स्वतः टोल कट जाएगा।
नई दिल्ली स्थित एनएचएआई मुख्यालय में हुए इस समझौते पर भारतीय राजमार्ग प्रबंधन कंपनी लिमिटेड (IHMCL) और आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एनएचएआई अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने कहा कि यह पहल टोलिंग व्यवस्था को आधुनिक, कुशल और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
एमएलएफएफ तकनीक उच्च क्षमता वाले आरएफआईडी रीडर्स और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरों पर आधारित है। इसके माध्यम से वाहनों की पहचान और टोल संग्रह बिना किसी बाधा के होगा। इससे भीड़भाड़ घटेगी, ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण में कमी आएगी।
एनएचएआई इस वित्त वर्ष के दौरान लगभग 25 टोल प्लाजाओं पर इस व्यवस्था को लागू करने की योजना बना रहा है। हरियाणा के घरौंदा शुल्क प्लाजा (एनएच-44) पर भी इसी प्रणाली को लागू करने के लिए समझौता किया गया है। यह कदम देशभर में स्मार्ट और तेज़ राजमार्ग नेटवर्क के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
