चमोली। चमोली के आपदा प्रभावित थराली क्षेत्र में राज्य सरकार हर संभव मदद प्रदान कर रही है। आज तहसील थराली के गरूर गांव की लक्ष्मी देवी को आपात स्थिति में हेली सेवा के जरिये गौचर लाया गया। महिला को तुरंत उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में भर्ती कराया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि गर्भवती महिला को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित लाया गया जिसके बाद डॉक्टरों की निगरानी में सुरक्षित प्रसव कराया जा रहा है।
इस दौरान प्रभावित परिवार ने कहा कि आपदा के बीच हेलीकॉप्टर सेवाओं से मिल रही मदद बड़ी राहत दे रही है। राज्य सरकार ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर की तैनाती की है। आपात स्थिति में हेली सेवा जरूरतमंदों के लिए जीवनरेखा बनकर सामने आ रही है।
