चौखुटिया में बदहाल स्वास्थ्य सेवा से जनता में आक्रोश

सड़कों में उतरे लोग, मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

पांचवें दिन भी आमरण अनशन के साथ क्रमिक अनशन भी जारी रहा

अल्मोड़ा। उत्तराखंड में अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया में स्वास्थ्य व्यवस्था का बुरा हाल है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चौखुटिया के लोग व्यवस्था ठीक करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए। विकासखंड की जनता पिछले पांच दिन से आंदोलनरत है। जनता ने ऑपरेशन स्वास्थ्य चलाकर जमकर प्रदर्शन किया। वहीं सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया।

स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता ने आंदोलन स्थल आरती घाट में धरना दिया और सभा की। आक्रोशित जनता स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सहित अल्ट्रासाउंड सहित अन्य संसाधनों की मांग कर रही है। इसी को लेकर ग्रामीणों व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों सहित आम जनता ने आक्रोश रैली निकाली।

रैली आरती घाट से शुरू हो गनाई, चौखुटिया, चांदीखेत बाजार होते हुए निकली। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। आक्रोश रैली के माध्यम से सरकार से शीघ्र स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की गई। आंदोलन स्थल आरती घाट पर हुई आम सभा में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि घोषणा व बार-बार आश्वासन के बाद भी स्वास्थ्य सुविधाओं को ठीक नहीं किया गया है, जिस कारण जनता सड़कों में उतरने के लिए मजबूर हुई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया में क्षेत्र के ही नहीं वरन गढ़वाल क्षेत्र से भी काफी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, लेकिन उचित सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते अधिकांश मरीजों को रेफर कर दिया जाता है। अनेक बार देखा गया है कि कई मरीज तो इलाज के अभाव में दम तोड़ देते हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि शीघ्र स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

चौखुटिया के आंदोलन स्थल गंगा आरती घाट पर पांचवें दिन भी आमरण अनशन के साथ क्रमिक अनशन भी जारी रहा। पूर्व सैनिक भुवन कठायत के आमरण अनशन का पांचवा व बचे सिंह का चौथा दिन था। सोमवार को क्रमिक अनशन में जिला पंचायत सदस्य सरस्वती किरौला व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक कुमार बैठे रहे।

आक्रोश रैली और प्रदर्शन में क्षेत्रीय विधायक मदन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती किरोला, गेवाड़ विकास समिति अध्यक्ष गजेंद्र नेगी, पूर्व दर्जा मंत्री कुबेर सिंह कठायत पूर्व प्रमुख मीना कांडपाल, किरण बिष्ट और नंदन संगेला पूर्व जिला पंचायत सदस्य शिव कुमार जैसे कई नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply