नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी इंडी गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के एक-एक विधायक ने अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
रोहतास जिले की चेनारी सीट से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम तथा कैमूर जिले की भभुआ सीट से राजद विधायक भरत बिंद ने इस्तीफा सौंप दिया है। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की चर्चा है।
मुरारी प्रसाद गौतम ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव को सौंपा। कांग्रेस ने उन पर जदयू के साथ सांठगांठ करने का आरोप लगाया था और उन्हें अयोग्य ठहराने के लिए याचिका दायर की थी। हालांकि, स्पीकर के निर्णय से पहले ही गौतम ने इस्तीफा दे दिया।
वहीं, भरत बिंद ने वर्ष 2020 में राजद के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था। इससे पहले वे 2010 में जिला परिषद चुनाव जीतकर राजनीति में सक्रिय हुए थे।
