शीतकाल में आईटीबीपी व पुलिस के जवान करेंगे केदारनाथ मंदिर की सुरक्षा

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट गुरूवार को बंद कर दिये गये हैं। हालांकि कपाट बंद होने के बाद केदारनाथ धाम में चल रहे द्वितीय चरण के पुनर्निर्माण कार्य जारी हैं। इसके अलावा केदारनाथ धाम की सुरक्षा के लिये पुलिस एवं आईटीबीपी के जवानों को तैनात किया गया है। जबकि लगातार एक सप्ताह से पैदल यात्रा मार्ग सहित धाम में सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिये बंद हो चुके हैं। कपाट बंद होने के बाद मंदिर सहित केदारपुरी की सुरक्षा की जिम्मेदारी आईटीबीपी के अलावा पुलिस के जवानों को सौंपी गई है। अभी फिलहाल धाम में मौसम साफ है। बर्फबारी होने पर भी धाम में सुरक्षा जवान मौजूद रहेंगे।

यात्रा सीजन के दौरान धाम सहित पैदल मार्ग और आस-पास के बुग्यालों में फैली गंदगी को इन दिनों साफ किया जा रहा है। एक सप्ताह तक लगातार सफाई अभियान यहां चलाया जा रहा है। प्लास्टिक सहित अन्य कूड़े को एकत्रित कर नीचे भेजा जाएगा। फिलहाल केदारनाथ धाम में द्वितीय चरण के पुनर्निर्माण कार्य जारी हैं और यह कार्य मौसम साफ रहने तक जारी रहेंगे।

अत्यधिक बर्फबारी होने के बाद यह कार्य बंद किये जाएंगे। मास्टर प्लान के तहत केदारनाथ धाम में कई प्रकार के पुनर्निर्माण कार्य जारी हैं। धाम सहित पैदल यात्रा मार्ग पर लगाये गये सीसीटीवी कैमरों के जरिये भी निगरानी की जा रही है। जिला मुख्यालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम के जरिये यात्रा मार्ग और धाम की हरेक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। कपाट बंद होने के बाद मजदूरों के अलावा कुछ साधु-संत अभी भी केदारपुरी में मौजूद हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि धाम और यात्रा मार्ग की हरेक गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरो के जरिये नजर रखी जा रही है। जबकि मंदिर की सुरक्षा के लिये आईटीबीपी व पुलिस के जवान तैनात किये गये हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों धाम और यात्रा मार्ग पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply