टिहरी। टिहरी बांध की झील में चल रहे प्रेसिडेंट कप चैंपियनशिप और टिहरी वॉटर कप प्रतियोगिता के दूसरे दिन आज भी खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। इस प्रतियोगिता में अब तक 9 स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारत पहले स्थान पर है।
वहीं रशिया चार स्वर्ण पदक जीतकर दूसरे और कजाकिस्तान 3 स्वर्ण पदक जीतकर तीसरे स्थान पर है। यह प्रतियोगिता टीएचडीसी भारतीय ओलंपिक संघ और इंडियन क्याकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
एशियन क्याकिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा ने बताया कि यह खेल काफी महत्वपूर्ण है, जिसमें भारत सहित 22 देशों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस प्रतियोगिता में आये विदेशी खिलाड़ियों ने व्यवस्थाओं की सराहना की।
