देहरादून। डाक विभाग आम जनता की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निवारण हेतु सदैव प्रयासरत रहा है। इसी क्रम में डाक विभाग उत्तराखण्ड परिमण्डल के द्वारा हर बार की तरह इस बार भी अपने ग्राहकों की सुलभ प्रतिक्रिया व शिकायतों के निदान हेतु सभी सात मण्डलों तथा परिमंडलीय कार्यालय देहरादून में अपराहन 16ः00 बजे त्रैमासिक डाक अदालत का आयोजन किया गया। इन डाक अदालतों का उद्देश्य डाक सेवाओं से सम्बंधित शिकायतों का समाधान करना एवं उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा प्रदान करना है।
आयोजित डाक अदालतों में परिमण्डलीय कार्यालय स्तर पर एक एवं देहरादून मण्डल स्तर पर दो शिकायतें, कुल तीन शिकायतें प्राप्त हुई जो बचत बैंक व पत्रिकाओं के वितरण सम्बन्धी थी जिनमें एक शिकायत डाक के माध्यम से एवं दो शिकायतों में शिकायतकर्ता स्वयं भी उपस्थित रहे। इन शिकायतों पर विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही की जा रही है। डाक विभाग यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध,पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से निस्तारण हो। भविष्य में भी इसी प्रकार डाक अदालतों का आयोजन नियमित रूप से किया जाता रहेगा जिससे डाक सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।
