देहरादून में बिगड़ी कानून-व्यवस्था पर सख्त एक्शन

देहरादून। राजधानी देहरादून में ध्वस्त कानून-व्यवस्था ने सरकार और शासनस्तर पर भी चिंताएं बढ़ा दी हैं। बीते रोज हुई  घटना से नाराज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर क्षेत्र-3 मसूरी के उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और कुठालगेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेशभर में तत्काल व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर सभी अवांछित व हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों बर्दास्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को पूरी सख्ती व मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं दूसरी ओर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं के बढ़ने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इन्हें रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने और कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने देहरादून शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने देहरादून के एसएसपी को कहा कि वे सभी थानेदारों को पीक ऑवर में गस्त बढ़ाने को कहें। डे-नाईट पेट्रोलिंग के साथ ही मॉर्निंग पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाए। मुख्य सचिव ने बार और रेस्टोरेंट क्लोजिंग के लिए निर्धारित समय को कठोरता से लागू करने के निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि सप्ताहांत में देहरादून को पार्टी और हुड़दंगियों को अड्डा न बनने दिया जाए। उन्होंने नियमों का पालन न करने वाले बार और अवैध बार संचालकों पर भी कठोर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि शहर के आसपास के क्षेत्रों में खुले होम स्टे पर भी निगरानी किए जाने की आवश्यकता है। किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का भी सघन सत्यापन अभियान चलाया जाए।

बैठक में डीजीपी दीपम सेठ, गृह सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप के साथ ही देहरादून के डीएम सविन बंसल और एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल मौजूद रहे।

Leave a Reply