टिहरी। जनता मिलन कार्यक्रम में टिहरी जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं है। जंहा जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में प्रधान लामकाण्डे दिनेश सिंह रावत ने चुनारी गाड़ में बने चैक डैमों पर सुरक्षा दीवार और पुलिया निर्माण की मांग रखी। वहीं तहसील गजा के ग्राम कोठी निवासी प्रियंका ने अपनी पारिवारिक समस्या रखते हुए बताया कि उनके पिता लकवाग्रस्त हैं और अब तक उनका आधार कार्ड व दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बन पाया है। इसके कारण उन्हें और उनकी बहनों को स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। जिलाधिकारी ने इस मामले को संवेदनशील मानते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) को जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सकलाना से आई फरियादी सुबोधनी देवी सकलानी ने बताया कि उनके पति एक दुर्घटना में अपंग हो गये थे और उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी को आर्थिक सहायता के लिए फरियाद लगायी है, जंहा से उन्हें जल्द मदद मिलने का आश्वासन दिया गया है।
