ऊधमसिंहनगर। ऊधमसिंहनगर जिले में राय सिख और जनजाति समुदाय के लोगों के कथित धर्मांतरण की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी ने जांच के लिए दो कमेटियां गठित की हैं। प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग भय, लालच और प्रलोभन देकर पूजा पद्धति बदलने के नाम पर धर्मांतरण करा रहे हैं। इसके साथ ही धर्म परिवर्तन के बाद भी जाति आधारित सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के आरोप भी सामने आए हैं। पुलिस ने गदरपुर, नानकमत्ता और खटीमा क्षेत्रों में दर्ज मामलों की जांच शुरू कर दी है।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि जांच के लिए गठित कमेटियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और गलत तरीके से सरकारी लाभ ले रहे लोगों के प्रमाण पत्र भी निरस्त किए जाएंगे।
