सोनप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर दर्दनाक हादसे में आज एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल है। जानकारी के मुताबिक, सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे की चपेट में आने से एक स्थानीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नेपाली मूल का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। नेपाली नागरिक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि, हादसा उस समय हुआ जब क्षेत्र में यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही जारी थी। अचानक ऊपर से गिरे पत्थरों ने, कई दुकानों और आसपास के क्षेत्र को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया. एक स्थानीय व्यक्ति ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि एक गंभीर घायल को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
