रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में खाई में गिरीं कारें, दोनों हादसों में 6 लोगों की मौत, 8 घायल

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में आज हुईं दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। रूद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र में भीरी-पेलिंग मार्ग पर आज दोपहर करीब सवा बारह बजे एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर कर पेड़ पर अटक गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किया।

घायलों को निकालकर अगस्त्यमुनि स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। कार सवार सभी लोग बांसवाड़ा से अपने गांव उथिंड जा रहे थे। मृतकों में पिता-पुत्र और घायलों में चार छोटे बच्चे शामिल हैं। इससे पूर्व आज तड़के करीब चार बजे चमोली जिले के देवाल ब्लॉक में ल्वाणी गांव के निकट भी एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। उक्त दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एयरलिफ्ट करके ऋषिकेश स्थित एम्स पहुंचाया गया है। बताया गया कि दुर्घटना का शिकार हुए लोग देहरादून से परिजन का शव को लेकर अपने गांव बांक जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

Leave a Reply