चमोली। चमोली जिले की नीति घाटी में कल से दो दिवसीय ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन किया जाएगा। उत्तराखंड पर्यटन विभाग और भारतीय सेना के समन्वय से आयोजित यह प्रतियोगिता सीमा पर्यटन को बढ़ावा देने और सीमावर्ती क्षेत्रों को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
अल्ट्रा रन में 75 किलोमीटर, 42 किलोमीटर, 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियां शामिल हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले धावकों को ऊंचाई, कम ऑक्सीजन और बदलते मौसम जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना होगा।
आयोजन में भारतीय सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सेना द्वारा आवास, चिकित्सा सहायता और मार्ग सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं में सहयोग दिया जा रहा है, जिससे प्रतियोगिता का सुरक्षित और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
इस आयोजन से स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके चलते होम-स्टे, परिवहन, भोजन और गाइड सेवाओं की मांग बढ़ेगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने संबंधी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। फिलहाल आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और प्रतिभागियों के साथ-साथ स्थानीय समुदायों में भी इसे लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
