देहरादून। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की प्रतिभाशाली महिला मुक्केबाज़ आरती धारियाल ने रोमानिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गोल्डन बेल्ट बॉक्सिंग टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। 54 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में आरती ने मेजबान रोमानिया की मुक्केबाज़ कार्ला लौरा को दूसरे राउंड में आरएससी के आधार पर पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
आरती वर्तमान में पटियाला स्थित एलिट सीनियर बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं और पिथौरागढ़ के खेल विभाग द्वारा संचालित स्मॉल खेलो इंडिया बॉक्सिंग सेंटर की खिलाड़ी हैं। उन्हें बॉक्सिंग कोच निखिल महर प्रशिक्षण दे रहे हैं। हाल ही में एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद और काजल फर्सवाण ने रजत पदक जीता था। अब आरती के स्वर्ण पदक के साथ पिथौरागढ़ की तीन महिला मुक्केबाज़ों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तीन पदक जीतकर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है।
