नई दिल्ली। साइबर ठगों ने WhatsApp अकाउंट हाईजैक कर बड़े वित्तीय फ्रॉड को अंजाम देने का नया तरीका अपनाया है। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर इस तरह की शिकायतों में बढ़ोतरी दर्ज की है।
I4C के अनुसार, ये शिकायतें पेशेवरों और कारोबारियों के WhatsApp अकाउंट हैक करने से जुड़ी हैं। ठग अकाउंट स्टेटमेंट और रेगुलेटरी कम्युनिकेशन के नाम पर भेजी गई खतरनाक फाइलों के जरिए इस तरह की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान समेत कई राज्यों से इसी तरह की धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आई हैं।
I4C ने 22 जून को जारी अपनी एडवाइजरी में भी नागरिकों को इस उभरते खतरे को लेकर सतर्क किया था। I4C ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान ZIP या EXE फाइलें न खोलें, WhatsApp के लिंक्ड डिवाइस की नियमित जांच करते रहें और किसी भी जरूरी वित्तीय लेनदेन की पुष्टि सीधे संबंधित अधिकारी से करें।
