राजबीर सिंह घुम्मण समेत छह के खिलाफ CBI ने दर्ज की FIR

नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मण से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में CBI की कार्रवाई तेज हो गई है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI ने राजबीर सिंह घुम्मण समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

FIR दर्ज करने के बाद CBI ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस समेत पंजाब में आठ ठिकानों पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान एजेंसी ने लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई दस्तावेज जब्त किए हैं। इनकी जांच की जा रही है।

CBI की FIR में ट्रांसफर-पोस्टिंग, IAS और IPS अधिकारियों की तैनाती, सरकारी टेंडर, लाइसेंस, नीतिगत फैसलों, जमीन से जुड़े मामलों और प्रशासनिक मंजूरियों में कथित पैसों के लेन-देन समेत कई आरोपों का उल्लेख किया गया है।

इस बीच, CBI ने आज राजबीर सिंह घुम्मण को पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन वह एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए। वहीं, पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट के CBI जांच के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है और मामले की तत्काल सुनवाई की मांग की है। मामले में CBI की जांच आगे बढ़ रही है। हाईकोर्ट ने CBI से दो महीने के भीतर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी।

Leave a Reply