देहरादून। देहरादून में उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की दो दिवसीय समीक्षा बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई।बैठक में दोनों मंडलायुक्तों, पुलिस अधिकारियों, सभी जिलाधिकारियों और केंद्र व राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने चुनाव तैयारियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
देहरादून में आयोजित बैठक के दूसरे दिन जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जिलों की चुनाव तैयारियों की जानकारी दी।वहीं, पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और बलों की तैनाती की योजनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक के पहले दिन जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच से संबंधित कार्यशाला भी आयोजित की गई। निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्धारित निर्वाचन कार्ययोजना के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
