भरूच। गुजरात के भरूच जिले में एक रासायनिक कारखाने में रिएक्टर में विस्फोट और उसके बाद जहरीली गैस के रिसाव से पांच श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घटना कल देर रात वागरा तालुका के सायखा जी.आई.डी.सी क्षेत्र स्थित सिनज़ील फार्माकेम इकाई में हाइड्रोजनीकरण प्रक्रिया के दौरान हुई। विस्फोट के बाद मेथिलीन डाइक्लोराइड-एम.डी.सी गैस का रिसाव भी हुआ।
घटना के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय पुलिस के अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए संयुक्त जांच की जा रही है।
