रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के सख्त निर्देशों एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने रुद्रपुर के नितेश जौहरी हत्याकांड में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए अब तक 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर मुख्य अभियुक्त विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। इसके उपरांत पुलिस की गठित विशेष टीमों द्वारा लगातार दबिश एवं सुरागरसी करते हुए अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इसी क्रम में आज दिनांक 15/11/2026 को पुलिस टीम ने छठे अभियुक्त अमन प्रजापति को जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश के सिन्धौली, मीरगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार 13.11.2026 को प्रातः जगतपुरा, ट्रांजिट कैम्प, रुद्रपुर स्थित प्रजापति टेलीकॉम एवं राज टेलीकॉम के संचालकों के मध्य सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर विवाद एवं मारपीट हुई थी। उक्त विवाद के क्रम में जिला चिकित्सालय रुद्रपुर परिसर में दोनों पक्षों के मध्य पुनः मारपीट एवं हमला हुआ। इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से प्रहार किए जाने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना में दिनेश जौहरी एवं कमलेश कुमार भी घायल हुए। घटना के संबंध में वादी दिनेश जौहरी की तहरीर के आधार पर कोतवाली पंतनगर में मु0अ0सं0-231/2026, धारा 103(1)/115(2)/118(1)/190/191(1)/351(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति द्वारा तत्काल अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं घटना के शीघ्र अनावरण हेतु कोतवाली पंतनगर पुलिस की 05 विशेष टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल को सुरक्षित कर RFSL एवं फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक निरीक्षण कराया गया। घटनास्थल से आवश्यक प्रदर्श संकलित किए गए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए।
एसएसपी के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आकाश कुमार एवं विनोद कुमार को गिरफ्तार किया गया। मुख्य अभियुक्त विकास कुमार को इज्जतनगर रेलवे स्टेशन, बरेली के प्लेटफार्म से गिरफ्तार किया गया था। बरेली से लाते समय थाना पुलभट्टा क्षेत्र में यश पेट्रोल पम्प के समीप अभियुक्त ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अतिरिक्त चौकी प्रभारी सिडकुल उ0नि0 हेमन्त सिंह कठैत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम एवं एसओजी द्वारा लुमिनस फैक्ट्री के निकट निर्माणाधीन देवभूमि कॉलोनी के पगडंडी मार्ग पर घेराबंदी कर अमन कुमार एवं भोला उर्फ देव मंडल को गिरफ्तार किया गया। इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा छठे अभियुक्त अमन प्रजापति पुत्र नत्थन प्रजापति, उम्र 29 वर्ष, निवासी जगतपुरा, वार्ड नम्बर-05, थाना ट्रांजिट कैम्प, जनपद ऊधम सिंह नगर को सिन्धौली, मीरगंज, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया गया है।*
गिरफ्तार अभियुक्तों
1. आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार, उम्र लगभग 31 वर्ष, निवासी जगतपुरा, थाना ट्रांजिट कैम्प, ऊधम सिंह नगर।
2. विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, उम्र लगभग 33 वर्ष, निवासी जगतपुरा, थाना ट्रांजिट कैम्प, ऊधम सिंह नगर।
3. विनोद कुमार पुत्र स्व0 रामावतार, उम्र लगभग 53 वर्ष, निवासी जगतपुरा, थाना ट्रांजिट कैम्प, ऊधम सिंह नगर।
4. अमन कुमार पुत्र विनोद कुमार, निवासी जगतपुरा, थाना ट्रांजिट कैम्प, ऊधम सिंह नगर।
5. भोला उर्फ देव मंडल पुत्र विपुल मंडल, उम्र लगभग 23 वर्ष, निवासी जगतपुरा, थाना ट्रांजिट कैम्प, ऊधम सिंह नगर।
6. अमन प्रजापति पुत्र नत्थन प्रजापति, उम्र लगभग 29 वर्ष, निवासी जगतपुरा, वार्ड नम्बर-05, थाना ट्रांजिट कैम्प, ऊधम सिंह नगर।
अभियुक्त की निशानदेही पर महत्वपूर्ण बरामदगी:- दिनांक 14.11.2026 को मुख्य अभियुक्त विकास कुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल एवं टी-शर्ट बरामद की गई।
न्यायिक रिमांड एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई:-
गिरफ्तार अभियुक्तों में से 05 अभियुक्तों का 14 दिवस का न्यायिक रिमांड स्वीकृत हो चुका है तथा उन्हें जेल भेज दिया गया है। शेष अभियुक्तों के संबंध में नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत करने एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल के वैज्ञानिक निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एवं अन्य संकलित साक्ष्यों के आधार पर विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
प्रकरण के सभी पहलुओं की गहनता से जांच करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
*एसएसपी अजय गणपति के स्पष्ट निर्देश हैं कि जनपद में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
