देहरादून। नकरौंदा और हर्रावाला क्षेत्र में छोटे दुकानदारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई के विरोध में स्थानीय व्यापारी लामबंद हो गए हैं। शुक्रवार को पूर्व ग्राम प्रधान राहुल पवार के नेतृत्व में व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला से मुलाकात कर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की कार्रवाई पर चिंता जताई।
विधायक ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष उनकी समस्या रखेंगे और राहत दिलाने का प्रयास करेंगे। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने मेयर सौरभ थपलियाल को भी ज्ञापन सौंपा। मेयर ने कहा कि मामला उच्च न्यायालय के आदेश से जुड़ा है, फिर भी छोटे व्यापारियों को राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के अनेक व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
