रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के विचार और आदर्श सामाजिक समरसता, समानता तथा भाईचारे की मजबूत नींव हैं। प्रदेश सरकार उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक समरसता और समानता के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज, धनौरी में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित श्समरसता संकल्प यात्राश् में प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संत रविदास महाराज के आदर्शों तथा सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास महाराज की समरसता की भावना को धरातल पर उतारते हुए उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई। इसके माध्यम से प्रदेश में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। जाति, पंथ और वर्ग के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो, यही समानता की भावना इस व्यवस्था का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। इसी सोच के अनुरूप प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के समग्र विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना और जनजातीय उपयोजना के अंतर्गत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके तहत अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में इन योजनाओं के तहत एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास कर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के अंतर्गत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पति-पत्नी में से एक के अनुसूचित जाति वर्ग से होने पर दंपत्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक मदद के लिए शादी अनुदान योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह पर प्रति बेटी 50 हजार रुपये की सहायता सीधे दी जाती है। स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मानजनक रोजगार के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि नमस्ते योजना के माध्यम से उन्हें असुरक्षित सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के कार्यों से मुक्त करने के साथ स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार संत रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और श्सबका साथ, सबका विकासश् के मंत्र को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा को सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की भावना मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। साथ ही लोगों से संत रविदास महाराज के आदर्शों को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरि महाराज, महंत अरुणदास महाराज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल और श्यामवीर सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान लाल सिंह आर्य, भोला सिंह, गजेंद्र यादव, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
