28 नवंबर को 250 से 300 स्थानों पर आयोजित होगी राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल

देहरादून। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत राज्य में व्यापक स्तर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों के क्रम में बुधवार को राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन दिवस के शुभारंभ हो गया है। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित टेबल टॉप एक्सरसाइज की अध्यक्षता सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने की।

टेबल टॉप एक्सरसाइज में राज्य के सभी 13 जनपदों के अधिकारियों एवं संबंधित विभागों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न संभावित आपदा परिदृश्यों को सामने रखते हुए जनपदों की पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया, विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव की कार्ययोजना तथा कमांड एवं नियंत्रण व्यवस्था का परीक्षण किया गया।

अभ्यास के दौरान अधिकारियों को अलग-अलग आपदा परिस्थितियां दी गईं और उनसे यह जाना गया कि ऐसी स्थिति में सूचना प्राप्त होने से लेकर घटनास्थल पर राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, राहत सामग्री पहुंचाने तथा आवश्यकतानुसार अन्य एजेंसियों को सक्रिय करने के लिए किस प्रकार की कार्ययोजना अपनाई जाएगी।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा की स्थिति में हमारी प्रतिक्रिया व्यवस्था कितनी तत्पर और प्रभावी है, इसका आकलन करना है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय कुछ मिनटों का समय भी महत्वपूर्ण होता है। इसलिए प्रत्येक जनपद में यह स्पष्ट होना आवश्यक है कि सूचना प्राप्त होने के बाद कौन-सी एजेंसी क्या कार्रवाई करेगी, संसाधन कहां से जुटाए जाएंगे, संचार कैसे स्थापित होगा और घटनास्थल पर कमांड एवं नियंत्रण किस प्रकार संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने हमें सिखाया है कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मजबूत समन्वय, स्पष्ट भूमिका, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है। इसी सीख को राज्य की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था में और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से टेबल टॉप एक्सरसाइज एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन श्री प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, जया बलूनी, राजीव बलूनी डिप्टी कमांडेंट जनरल, एसके राणा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित विभिन्न विभागों एवं जनपदों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि टेबल टॉप एक्सरसाइज के बाद 28 नवंबर को राज्य के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह मॉक ड्रिल राज्य स्तर से लेकर तहसील एवं स्थानीय स्तर तक व्यापक रूप से आयोजित होगी तथा लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान उत्तराखण्ड की भौगोलिक एवं आपदा संवेदनशील परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड, हिमस्खलन, अतिवृष्टि, नदी का जलस्तर बढ़ना, जंगल की आग, टनल दुर्घटना, सड़क दुर्घटना, भवन क्षति, आगजनी, औद्योगिक दुर्घटना, विद्युत दुर्घटना, रासायनिक दुर्घटना, बांधध्जलाशय से आकस्मिक जल प्रवाह, हेली इमरजेंसी तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भगदड़ जैसी परिस्थितियों को आधार बनाया जाएगा।

मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना एवं संचालन का भी अभ्यास किया जाएगा। राहत शिविरों में बिजली, पेयजल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार तथा गर्भवती महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का परीक्षण किया जाएगा। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस तथा होमगार्ड के जवानों की तैनाती का भी अभ्यास किया जाएगा।

सचिव सुमन ने कहा कि आपदा के समय स्थानीय समुदाय सबसे पहली प्रतिक्रिया देने वाली इकाई होता है। इसलिए इस बार की मॉक ड्रिल में समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसमें पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों, आपदा मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस, रेड क्रॉस तथा अन्य स्थानीय स्वयंसेवी समूहों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समुदाय को केवल आपदा के प्रति जागरूक करना नहीं, बल्कि उसे प्रशिक्षित, सक्षम और प्रारंभिक प्रतिक्रिया के लिए तैयार करना है।

मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों द्वारा आधुनिक उपकरणों, खोज एवं बचाव संसाधनों, संचार प्रणालियों तथा आपदा प्रतिक्रिया वाहनों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग अपने संसाधनों एवं उपकरणों का प्रदर्शन करेंगे तथा उनके संचालन का अभ्यास किया जाएगा।

आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर राज्य के सरकारी कार्यालयों में भी आपदा सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है। कार्यालयों में संभावित खतरों की पहचान, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, आपातकालीन निकासी व्यवस्था तथा कर्मचारियों की तैयारी का आकलन किया जा रहा है। इसी प्रकार विद्यालयों में भी आपदा सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल, जागरूकता कार्यक्रम तथा वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां, जनसंपर्क अभियान और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

सचिव सुमन ने कहा कि 28 नवंबर केवल सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता को स्मरण करने का दिन नहीं है, बल्कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और उन्हें और मजबूत करने का अवसर भी है। सिल्क्यारा अभियान ने यह स्पष्ट किया कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी यदि सभी एजेंसियां एक साझा उद्देश्य के साथ कार्य करें, तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों, संबंधित विभागों एवं प्रतिभागी एजेंसियों से मॉक ड्रिल को पूरी गंभीरता के साथ आयोजित करने तथा इसमें स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की कि वे मॉक ड्रिल को वास्तविक आपदा की तरह गंभीरता से लें और प्रशासन एवं बचाव दलों के साथ सहयोग करें।

Leave a Reply