प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार विधानसभा चुनाव के जनादेश की दी बधाई

दिल्ली। भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कहा कि बिहार विधानसभा चुनावों की जीत विकास की राजनीति का जनादेश है। उन्‍होंने कहा कि यह जीत भाई-भतीजावाद की राजनीति की अस्वीकृति का भी जनादेश है। नई दिल्‍ली में आज शाम भाजपा मुख्‍यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह बिहार की महिलाओं की जीत है, जिन्‍होंने राष्‍ट्रीय जनता दल के जंगल राज का प्रकोप झेला है। उन्‍होंने रिकॉर्ड संख्‍या में मतदान के लिए लोकतंत्र और निर्वाचन आयोग में भरोसा रखने के लिए लोगों को धन्‍यवाद दिया। उन्‍होंने इसे लोकतंत्र की जीत बताया। इस जीत ने देश की चुनावी प्रक्रिया में विश्‍वास को सुदृढ़ किया है। श्री मोदी ने कहा कि पुनर्मतदान के आंकड़े भी बड़े बदलाव की गवाही दे रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि पहले बिहार में मुश्किल से ही कोई चुनाव पुनर्मतदान के संपन्‍न होता था लेकिन इस बार मतदान शांतिपूर्वक हुआ। प्रधानमंत्री ने कहा कि मतदाताओं ने मतदाता सूची के संशोधन को भारी समर्थन दिया है। यह अब सभी दलों का कर्तव्‍य है कि वे मतदाता सूची का शुद्धिकरण करने के लिए अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करें। 

    प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र अब वास्तविक सामाजिक न्याय के लिए मतदान कर रहा है, एक ऐसे दृष्टिकोण के लिए जहां प्रत्येक परिवार को अवसर, सम्मान और समानता मिले, एक ऐसा समाज जहां तुष्टीकरण के लिए कोई जगह न हो और सार्वभौमिक संतुष्टि पर ध्यान केंद्रित किया जाए। उन्‍होंने महागठबंधन पर तुष्‍टीकरण और फूट डालने की राजनीति का आरोप लगाया। श्री मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस में एक अलग गुट उभर रहा है जो इस नकारात्मक राजनीति से असहज है। उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की जीत समाज के हर वर्ग द्वारा संचालित थी, जिसमें महिलाएं और युवा सबसे आगे रहे। 

    प्रधानमंत्री ने बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष दिलीप जायसवाल, बिहार के उपमुख्‍यमंत्री और पार्टी के वरिष्‍ठ नेताओं – सम्राट चौधरी और विजय सिन्‍हा तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति भी आभार प्रकट किया। उन्‍होंने हिन्‍दुस्‍तान आवाम मोर्चा के अध्‍यक्ष जीतन राम माझी, राष्‍ट्रीय समता पार्टी प्रमुख उपेन्‍द्र कुशवाहा और लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान के नेतृत्‍व की भी सराहना की। उन्‍होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्‍यवाद दिया और कहा कि  राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने न सिर्फ पार्टी में बल्कि बूथ स्‍तर पर भी निर्बाध समन्‍वय का प्रदर्शन किया है। प्रधानमंत्री ने आज उपचुनाव में भाजपा की जीत के लिए जम्मू-कश्मीर के नगरोटा और ओडिशा के नुआपाड़ा के लोगों को भी धन्यवाद दिया। 

    इस बीच भाजपा अध्‍यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि बिहार की जनता ने जंगल राज के स्‍थान पर विकास का चुनाव किया है। उन्‍होंने बताया कि यह मजबूत जनादेश एक ऐसी लहर है जिसने हर संदेह को धो दिया है और यह स्पष्ट कर दिया है कि लोगों का प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्वास कायम है। श्री नड्डा ने कहा कि यह जनादेश बिहार के सुशासन के लिए स्‍वीकृति की एक मुहर है। इस सुशासन ने राज्‍य को प्रगति और विकास की राह पर ला खड़ा किया है। पार्टी अध्‍यक्ष ने तुच्‍छ राजनीति, तुष्टिकरण, फूट डालने और बिहार के बुनियादी मुद्दों को दरकिनार करने का आरोप लगाते हुए महागठबंधन की निंदा भी की। श्री नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्‍यवाद देते हुए कहा कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की जीत समाज के हर वर्ग से मिले समर्थन से प्रेरित है।

Leave a Reply