नई दिल्ली। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का लाभ 15 जुलाई से मिलना शुरू हो जाएगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस तारीख से भारत से ब्रिटेन जाने वाले सभी उत्पादों पर आयात शुल्क शून्य हो जाएगा। इससे किसानों, मछुआरों, MSME और घरेलू उद्योगों को बड़ा फायदा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि समझौते में डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन भी शामिल है, जिसके तहत ब्रिटेन में पांच साल तक काम करने वाले भारतीय पेशेवरों को वहां के सोशल सिक्योरिटी सिस्टम में योगदान नहीं देना होगा। इससे उनकी बचत भारत के भविष्य निधि खाते में जमा होगी।
पीयूष गोयल ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के व्यापार और आर्थिक संबंधों को नई मजबूती देगा। उन्होंने यह भी बताया कि वह व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ चार देशों के दौरे पर जा रहे हैं, जहां भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद की बैठक में भी हिस्सा लेंगे।
