देहरादून। उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में आगामी महीनों में संभावित वनाग्नि की घटनाओं के दृष्टिगत राज्यभर में वनाग्नि नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने और सुदृढ़ करने हेतु मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास विभिन्न वनाग्नि-संवेदनशील क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान SDRF की टीमों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर फायर-लाइन निर्माण, आग पर नियंत्रण, सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन तथा प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने की कार्यवाही का अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान घायलों को चिन्हित कर तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया का भी प्रभावी प्रदर्शन किया गया।
इस राज्यव्यापी अभ्यास में वन विभाग, जिला पुलिस, होमगार्ड, चिकित्सा विभाग एवं स्थानीय प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों द्वारा सक्रिय सहभागिता की गई। अभ्यास के माध्यम से विभागों के मध्य समन्वय, संसाधन प्रबंधन, संचार व्यवस्था तथा त्वरित निर्णय प्रक्रिया का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप परीक्षण किया गया।
इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य वनाग्नि जैसी आपदाओं के दौरान मानव जीवन, वन संपदा एवं पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा सभी विभागों की संयुक्त कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
