ऋषिकेश। ऋषिकेश स्थित योगनगरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। योगनगरी रेलवे स्टेशन पर पहुंची उज्जैनी एक्सप्रेस वॉशिंग लाइन में शंटिंग के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते ट्रेन वॉशिंग लाइन ट्रैक पर तेजी से आगे बढ़ी और एंड प्वाइंट पर तेज आवाज के साथ बफर स्टॉप से टकरा गई। हादसे में इंजन के पीछे लगे तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर खांड गांव और आसपास के लोग घबरा गए और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जीआरपी, पुलिस और स्टेशन प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। हादसे में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि उज्जैनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर शाम को योगनगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसके बाद ट्रेन को वॉशिंग लाइन में शंटिंग के लिए ले जाया जा रहा था, तभी अचानक यह हादसा हो गया। यह ट्रेन मंगलवार सुबह योगनगरी रेलवे स्टेशन से उज्जैन के लिए रवाना होने वाली थी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार योगनगरी-रायवाला ट्रैक इस घटना से प्रभावित नहीं हुआ है। वहीं रेलवे प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
