नई दिल्ली। सीबीआई ने सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ में सरकारी धन के कथित गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 26 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया है। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में की गई।
मामला लद्दाख में प्रोजेक्ट विजयक और प्रोजेक्ट योजक के तहत कैजुअल श्रमिकों की तैनाती और फर्जी श्रमिकों के नाम पर भुगतान जारी कर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग से जुड़ा है। इस संबंध में रक्षा मंत्रालय की शिकायत और बीआरओ की आंतरिक जांच के आधार पर सीबीआई ने चार एफआईआर दर्ज की हैं। FIR में लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और इंजीनियर रैंक के कुल 10 अधिकारियों के साथ कुछ निजी व्यक्तियों को भी नामजद किया गया है।
इन पर सरकारी धन के गबन, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक साजिश, भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। सीबीआई के अनुसार, तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। एजेंसी ने कहा है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
