नई दिल्ली। दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। हादसा इदगाह मछली मंडी इलाके में करीब सवा तीन बजे हुआ। करीब 20 से 25 साल पुरानी इस इमारत में लोग रह रहे थे और मलबे में कई लोगों के फंसने की आशंका के बाद बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, MCD और DDMA की टीमें मौके पर पहुंचीं, जबकि बाद में NDRF की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया। अब तक 8 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है और राहत-बचाव अभियान जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में रोहिंग्या और बांग्लादेशी परिवार भी रह रहे हैं, जिनमें से कुछ लोग कबाड़ बीनने का काम करते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत गिरने के वक्त कुछ लोग मलबे की चपेट में आए। हादसे के असर से आसपास की एक इमारत की दीवारें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जबकि पास की मस्जिद की चारदीवारी भी गिर गई। पड़ोसियों के मुताबिक, बीती रात आए भूकंप के बाद इमारत में दरारें आई थीं और मकान मालिक इमारत खाली करा रहा था। फिलहाल NDRF समेत सभी एजेंसियां मलबा हटाने और किसी भी संभावित फंसे व्यक्ति की तलाश में जुटी हैं।
