नई दिल्ली।अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से चढ़ावे और बहुमूल्य सामान चोरी करने के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपी करुणेश पाण्डेय, लवकुश मिश्रा और अनुकल्प को अदालत ने 40 घंटे की पुलिस रिमांड दे दी है। पुलिस अब इन तीनों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल से निकालकर अपनी हिरासत में ले लिया है।
पूछताछ के दौरान पहले गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला के बयानों का इन तीनों से मिलान किया गया। पुलिस ने चोरी की गई रकम, उसके बंटवारे और मामले से जुड़े अन्य अहम तथ्यों के बारे में विस्तार से सवाल किए।
माना जा रहा है कि चोरी के पैसे का बंटवारा 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर हुआ था। यही वजह है कि पुलिस तीनों आरोपियों को उस इलाके में भी ले गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उम्मीद है कि आरोपियों के निशानदेही पर आज रात तक कुछ सामान या पैसे बरामद किए जा सकते हैं।
