नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने देशभर में ऑनलाइन आतंकी कट्टरपंथ फैलाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एनआईए ने आज 10 राज्यों और दिल्ली में एक साथ 20 जगहों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई ऐसे नेटवर्क के खिलाफ की गई, जो सोशल मीडिया और इंटरनेट के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलकर भारत में हिंसक जिहाद के जरिए इस्लामिक शासन यानी खिलाफत स्थापित करने की साजिश रच रहे थे।
NIA के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठनों ISIS और AQIS (अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट) की विचारधारा का प्रचार कर रहे थे। छापेमारी के दौरान कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच की जाएगी ताकि इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। इस मामले में अब तक 11 आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया जा चुका है।
NIA ने यह मामला इसी साल मई में विजयवाड़ा पुलिस से अपने हाथ में लिया था। मूल मामला मार्च में दर्ज हुआ था, जब मुख्य आरोपी रहमतुल्लाह शरीफ मोहम्मद के घर छापे के दौरान ISIS और AQIS से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज और सामग्री बरामद हुई थी। NIA के अनुसार, आज जिन ठिकानों पर छापेमारी की गई, उनका चयन पहले जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों की तकनीकी जांच, आरोपियों के आपसी संपर्क और जांच में मिले अन्य सबूतों के आधार पर किया गया।
