अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चौलेंज-2026 का हुआ भव्य शुभारंभ

मुक्तेश्वर। उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चौलेंज-2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुक्तेश्वर से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रोमांचक प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों के साथ वायुसेना, थलसेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के कुल 66 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। करीब 658 किलोमीटर की यह चुनौतीपूर्ण साइकिल यात्रा प्रदेश के 10 जनपदों से होकर गुजरेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश में इस तरह के बड़े साहसिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। मुक्तेश्वर से प्रतियोगिता की शुरुआत होना विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल भी इस आयोजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पूर्व में जिलाधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने कुमाऊं की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक गुलदस्ते के रूप में जोड़कर विकास की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे आयोजन उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चौलेंज-2026 की शुरुआत 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से हुई है। प्रतियोगिता के लिए कुल 80 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से विभिन्न कारणों से 14 प्रतिभागी हिस्सा नहीं ले रहे हैं। वर्तमान में 18 राज्यों तथा वायुसेना, थलसेना और आईटीबीपी के कुल 66 प्रतिभागी प्रतियोगिता में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल साइकिलिंग प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहसिक पर्यटन और पर्वतीय साइकिलिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके माध्यम से खेल, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पर्यटन सचिव ने बताया कि प्रदेश सरकार इस तरह के आयोजनों के माध्यम से उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है। हिमालयी क्षेत्रों को पर्वतीय साइकिलिंग और साहसिक खेलों के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने के साथ देश-विदेश के पेशेवर खिलाड़ियों और पर्यटकों को आकर्षित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है, ताकि पर्यटन गतिविधियां केवल गर्मियों और चारधाम यात्रा तक सीमित न रहें। सर्दियों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से होटल, होमस्टे, रिसॉर्ट और स्थानीय कारोबार को लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन आधारित रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जाएंगे। स्थानीय युवाओं को पर्यटन मार्गदर्शक, होमस्टे संचालक, परिवहन, खानपान और अन्य पर्यटन सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककला, खानपान और पारंपरिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा। हिमालयी घाटियों, जैव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता को भी व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों और श्स्थानीय के लिए मुखरश् अभियान को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
सरकार का प्रयास है कि प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर लेकिन अपेक्षाकृत कम चर्चित पर्वतीय क्षेत्रों और ग्रामीण पर्यटन स्थलों को भी पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिले। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न जनपदों को पर्यटन की एक साझा श्रृंखला से जोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है। पर्यटन विभाग की ओर से हिमालयन साइकिल चुनौती के साथ अल्ट्रा मैराथन और मत्स्य आखेट प्रतियोगिता सहित विभिन्न साहसिक खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उत्तराखंड में वर्षभर पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार मिल सके।

कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, निगम के प्रबंधक मनीष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति के सदस्य नितिन राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित अनेक अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply