लोहाघाट में आदमखोर गुलदार ट्रेंकुलाइज कर पकड़ा

लोहाघाट। चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित सुई डूंगरी क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने गुलदार को वन विभाग ने ट्रेंकुलाइज कर पिंजरे में कैद कर लिया है। चार नवंबर को 13 वर्षीय किशोर की गुलदार के हमले में मौत के बाद से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ था। हालांकि, पकडे गए गुलदार ने ही किशोर की जान ली या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में अन्य गुलदारों की सक्रियता की आशंका जताते हुए पिंजरे न हटाने और निगरानी जारी रखने की मांग की है।

गौरतलब है कि सुई डूंगरी क्षेत्र में चार नवंबर की देर शाम अन्य बच्चों के साथ रायकोट का मेला देखकर घर लौट रहे 13 वर्षीय किशोर पर घर से करीब 200 मीटर पहले गुलदार ने हमला कर दिया था। तलाश के दौरान उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों में व्याप्त आक्रोश को देखते हुए गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने छह पिंजरे, 20 ट्रैप कैमरे और तीन लाइव कैमरे लगाए। ड्रोन से निगरानी के साथ वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही थीं। इसी अभियान के दौरान आज गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर पकड़ लिया गया। गुलदार पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत जरूर महसूस की है, लेकिन उनकी चिंता अभी खत्म नहीं हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अन्य गुलदारों की सक्रियता की आशंका बनी हुई है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में लगाए गए पिंजरों को न हटाने और निगरानी जारी रखने की मांग की है।

Leave a Reply