विकासनगर में 24 घंटे के भीतर वाहन चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

विकासनगर। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ढालीपुर निवासी नफीश ने 19 नवंबर को कोतवाली विकासनगर में तहरीर देकर बताया कि 18 नवंबर को वह अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या एचपी17जी-3299 से लकड़ी लेने जंगल गया था। उसने मोटरसाइकिल रागपुर मंडी के गेट के पास खड़ी की थी। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया।

घटना के शीघ्र खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई।

लगातार प्रयासों के बाद शुक्रवार सुबह करीब 4रू30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आदर्श विहार, हरबर्टपुर क्षेत्र से अंकित वर्मा पुत्र रमेश चंद निवासी ग्राम ऐटनबाग, हरबर्टपुर को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर, हेड कांस्टेबल राजेंद्र बर्थवाल तथा कांस्टेबल नवीन कोहली, नरेश पंत और चमन सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply