धारचूला। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में एनएचपीसी सुरंग हादसे में बड़ी राहत मिली है। सुरंग में भूस्खलन के बाद फंसे सभी 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने जानकारी दी कि भूस्खलन के चलते सुरंग का मुहाना बंद हो गया था। जैसे ही सूचना मिली, प्रशासन, एसडीआरएफ और बीआरओ की संयुक्त टीम ने त्वरित राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
लगातार कोशिशों के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। डीएम ने बताया कि भूस्खलन की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन सतर्क है और सुरक्षा को लेकर सभी ज़रूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचित करें, ताकि समय पर मदद पहुंचाई जा सके।
