सोनभद्र खदान हादसा में पुलिस का बड़ा एक्शन, चार आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र। यूपी के सोनभद्र का वो इलाक़ा जहां खदानों की गूंज रोज़ सुनाई देती है, लेकिन उसी गूंज के पीछे कई बार ऐसी लापरवाही छुपी होती है, जो ज़िंदगियां निगल जाती है। एसी ही कुछ तस्वीरें सोनभद्र से हैं, जहाँ खदान में हुए एक दर्दनाक हादसे में सात मजदूरों की मौत के बाद अब प्रशासन एक्शन मोड में है। लापरवाही कैसे हुई, किसकी जिम्मेदारी थी और मजदूरों की जान क्यों गई, इन सवालों के जवाब ढूँढने के लिए लगातार कार्रवाई तेज की जा रही है। अब इसी कड़ी में पूरे मामले की मजिस्ट्रेटी जांच भी शुरू हो चुकी है।

क्या है पूरा मामला आइये अब उसे भी समझ लेते हैं। 15 नवंबर को ओबरा के बिल्ली-मारकुंडी स्थित श्री कृष्णा माइनिंग वर्क्स की खदान धंस गई। हादसे में मलबे में दबकर सात मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद मुश्किल हालात में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। वहीं घटना के बाद ओबरा थाने में गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस ने दो माइन मैनेजर और दो पट्टेदार, कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं खदान मालिक और उसका पार्टनर अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ये गिरफ्तारियां की गईं है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया है।  ADM (न्यायिक) रमेश चंद्र को मजिस्ट्रेटी जांच की जिम्मेदारी सौंपी दी गई है। पूरी घटना की मजिस्ट्रेटी जांच चल रही है और इसकी रिपोर्ट 15 दिन में मांगी गई है। 

फिलहाल, प्रशासन का कहना है कि खनन में लापरवाही करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जांच पूरी होते ही जिम्मेदारों पर और भी बड़ी कार्रवाई  हो सकती है।

Leave a Reply