अलीगढ़। गुरुवार को शाही जामा मस्जिद ऊपरकोट के आसपास अवैध अतिक्रमण को नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त कराया। इस कार्रवाई के दौरान नालों पर लगे जाल, सीढ़ियां और फुटपाथ पर बने निर्माण तोड़े गए।
नगर निगम ने प्रवर्तन दल और पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने की ये कार्रवाई की। जामा मस्जिद के आसपास लोगों ने अवैध तरीके से अतिक्रमण कर रखा था। अतिक्रमण करने वालों को नगर निगम ने कई बार चेतावनी भी दी। अवैध अतिक्रमण से शहर की साफ-सफाई, जल निकासी की व्यवस्था में बाधा पहुंच रही थी। ट्रैफिक व्यवस्था में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों ने नालों पर जाल, फुटपाथ पर निर्माण और सीढ़ियां बना रखी थीं। इस अवैध अतिक्रमण को नगर निगम ने पुलिस के सहयोग से हटवाया।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी में कड़ी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और इंटरसेप्टर इंटेलिजेंस कंट्रोल सेंटर से निगरानी की जाएगी। भविष्य में अवैध अतिक्रमण को रोकने के लिए पुलिस से सहयोग मांगा गया है। इसके साथ ही अवैध अतिक्रमण करने वाले लोगों पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी भी दी गई है।
