ऋषिकेश। गंगा तट पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग फेस्टिवल का आज भव्य समापन हो गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ऋषिकेश के गंगा तट स्थित गंगा रिसॉर्ट में आयोजित इस अंतर्राष्ट्रीय योग फेस्टिवल में देश-विदेश से बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान योग, ध्यान, प्राणायाम और आयुर्वेद से जुड़ी विभिन्न कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज पूरे विश्व को नई दिशा दे रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन का भी माध्यम है। विभिन्न देशों से आए प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए आयोजन की सराहना की और इसे भारतीय संस्कृति से जुड़ने का एक अनूठा अवसर बताया।
